नाड़ी मोहल्ला स्वास्थ्य केंद्र के आउटरीच शिविर में 67 मरीजों का उपचार

पाली, 22 अक्टूबर। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाड़ी मोहल्ला की ओर से गुरुवार को खटीकों का बास में निःशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 67 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच सेवाएं प्रदान की गईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी डॉ. रोयमोन जोसफ ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। डेंटल हाइजिनिस्ट गुलशन कुमार ने मुख स्वास्थ्य की जांच की। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता रेखा रानी और माया चौहान ने गैर-संचारी रोगों की जांच की, जबकि हंसा मीणा ने तीन गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया। शिविर में टीकाकरण के साथ एचपीवी टीकाकरण भी किया गया।

फार्मासिस्ट गणेश कुमार ने मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। लैब टेक्नीशियन यशपाल सिंह ने 37 मरीजों की रक्त शर्करा और 14 मरीजों की हीमोग्लोबिन जांच निःशुल्क की।

शिविर के सफल संचालन में पीएचएम जितेंद्र जोशी, नर्सिंग अधिकारी सोहनलाल, एएनएम रेखा रानी, हंसा मीणा, माया चौहान एवं तेजपाल सहित आशा सहयोगिनियों ममता नागौरा, यास्मीन बानो और ममता सरगरा का सहयोग रहा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *