रोमांचक फाइनल में रॉयल पुनक को एक रन से हराया, अरविंद प्रजापत ने पूरे टूर्नामेंट में झटके 9 विकेट और बने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
रामसीन। कस्बे में आयोजित प्रजापत प्रीमियर लीग-4 क्रिकेट प्रतियोगिता का पांच दिवसीय आयोजन रोमांच और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 11 से 15 नवंबर तक आयोजित इस क्रिकेट महाकुंभ में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रामसीन आरएसएस की टीम ने रॉयल पुनक को मात्र एक रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। मुकाबला अंतिम समय तक रोमांचक बना रहा, लेकिन रामसीन आरएसएस की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक रन से जीत दर्ज की। जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पांच दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अरविंद प्रजापत ने झटके 9 विकेट, बने बेस्ट गेंदबाज
प्रतियोगिता में अरविंद प्रजापत ने अपनी शानदार गेंदबाजी से विशेष पहचान बनाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 9 विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिनेश उकाजी रामसीन, बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार कमलेश पुनक तथा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार वीरेंद्र रामसीन को दिया गया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए हेमंत रामसीन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
खिलाड़ियों एवं प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं, भामाशाहों, खेल प्रेमियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
24 गांवों के समाजबंधुओं की रही उपस्थिति
समारोह में श्रीदेव समाजोत्थान एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष नरेश कुमार प्रजापत पुनक, रमेश कुमार सिरोविया, सोमारामजी, भगवानजी, अजयभाई, छोगालालजी, मकारामजी, विजयभाई, रमेश कुमार परमार, हिम्मतभाई, कमलेशजी, तेजाराम, भूराराम, ज्योतिलाल, लवकुश, ईश्वरराम, मंगुलाल कावा, किशनराम भूर, दीपारामजी चांदना, विजयभाई दुगावा, गोपालभाई सिरकवाड़ा सहित 24 गांवों के प्रजापत समाजबंधु मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।
प्रजापत प्रीमियर लीग-4 का सफल आयोजन क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक यादगार पहल साबित हुआ।
