पाली। एएनएम द्वारा लगाए गए आरोपों के मामले में सामने आए वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में युवक स्वयं को निर्दोष बताते हुए महिला पर झूठे आरोप लगाने का दावा करता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में युवक, जिसकी पहचान कैलाश पुत्र चेतन प्रकाश नागौरा, निवासी केशव नगर पाली एवं वर्तमान में जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में बताई जा रही है, ने कहा कि महिला के साथ उसके आपसी संबंध थे और उस पर लगाए गए आरोप गलत हैं।
व्हाट्सऐप ग्रुप में फोटो और रिपोर्ट साझा
सूत्रों के अनुसार युवक ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप में महिला के साथ अपनी फोटो तथा महिला द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट की प्रति भी साझा की थी।
बताया जा रहा है कि इसके कुछ समय बाद युवक ने सल्फास का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।
जहर सेवन के समय महिला साथ होने की चर्चा
जानकारी के अनुसार, जिस समय युवक ने जहर का सेवन किया, उस दौरान वह कथित रूप से महिला के साथ था। युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे वही महिला टैक्सी के माध्यम से पाली के बांगड़ अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर आई। अस्पताल पहुंचाने के बाद महिला वहां से चली गई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

हालत गंभीर, जोधपुर रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।

पुलिस जांच जारी
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महिला ने युवक पर छेड़छाड़ और धमकी के आरोप लगाए थे। अब युवक के वीडियो बयान और जहर सेवन की घटना के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
“युवक द्वारा कथित रूप से सोशल मीडिया पर कुछ फोटो साझा करने की बात सामने आई है, हालांकि Public Live इन फोटो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता और निजता के मद्देनजर उन्हें प्रसारित नहीं कर रहा है।”
