पाली/सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बिसलपुर निवासी हंसमुख पुत्र आसुराम (उम्र 30 वर्ष), जाति रेगर, ने महिंद्रा BS6 अल्फा सवारी टैक्सी में लगातार तकनीकी खराबी होने का आरोप लगाते हुए आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित युवक का कहना है कि उसने 30 मई 2025 को महिंद्रा कंपनी की BS6 अल्फा टैक्सी खरीदी थी, जिसकी कुल 48 माह की ईएमआई निर्धारित थी। युवक के अनुसार वह अब तक 8 से 9 ईएमआई नियमित रूप से जमा कर चुका था, लेकिन पिछले ढाई से तीन महीनों से वाहन में ऑयल उठाने सहित गंभीर तकनीकी खामियां आ रही थीं।

युवक का आरोप है कि वह कई बार कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर गया, लेकिन हर बार केवल अस्थायी मरम्मत कर वाहन लौटा दिया गया। स्थायी समाधान नहीं मिलने से टैक्सी बार-बार खराब होती रही, जिससे उसका रोज़गार प्रभावित हुआ और वह आगे की ईएमआई भरने में असमर्थ हो गया।

लगातार मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव के चलते युवक ने अपने घर में केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। आग लगाने के बाद युवक जलता हुआ घर से बाहर निकला, जहां आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचाया और आग बुझाई।
घटना के बाद युवक को गंभीर अवस्था में सुमेरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक 60 से 65 प्रतिशत तक झुलस चुका है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर युवक को जोधपुर रेफर किया गया है।

फिलहाल युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना सुमेरपुर थाना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
इस मामले में महिंद्रा कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
