पाली, 25 जून। पाली शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित श्याम मंदिर में गुरुवार को पुलिस विभाग, एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों, ऑपरेशन जागृति एवं राजकोप सिटीजन ऐप की जानकारी दी गई।

इस दौरान सीआई जसवंत सिंह, एंटी रोमियो स्क्वॉड की हेड कांस्टेबल पार्वती देवी तथा कालिका पेट्रोलिंग टीम की सदस्य हेड कांस्टेबल राधा, संगीता, इमरती, मनोज एवं राधा ने महिलाओं को गरिमा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि ये हेल्पलाइन नंबर हर महिला के लिए महत्वपूर्ण हैं और इन्हें मोबाइल में सेव रखकर जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग करना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को ऑपरेशन जागृति एवं राजकोप सिटीजन ऐप के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पब्लिक लाइव न्यूज
