भाटो की ढाणी में हुआ आंगन मिलन सेवा सम्मान कार्यक्रम महिलाओं व किशोरियों को बालिका शिक्षा, महिला अधिकार और विधिक सेवाओं की दी जानकारी

पाली। विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल “आंगन मिलन सेवा” के तहत 27 सितंबर 2026 को आंगनबाड़ी केंद्र भाटो की ढाणी में जागरूकता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय ग्राम पंचायत के सरपंच प्रशासक मंगलाराम मीणा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ना तथा आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित सेवाओं के प्रति लोगों में सम्मान और विश्वास बढ़ाना है।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेड पीएलवी मांगीलाल तंवर ने उपस्थित महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को बालिकाओं की सुरक्षा, बालिका शिक्षा, महिलाओं के अधिकार तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तार से बताया।

समाजसेवी चंपालाल पटेल, विजय सिंह, प्रवीण पवार एवं शैतान ने मातृशक्ति और ग्रामीणों को स्वस्थ खान-पान, योग, नियमित व्यायाम तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंदिरा परिहार, आशा सहयोगिनी लता चौहान, सहायिका मन्नू देवी एवं साथिन मंजू अशावत को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरी बालिकाओं सहित सुखराम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को “बाल विवाह को कहें ना” की शपथ दिलाई गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंदिरा परिहार ने अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि केंद्र पर समय-समय पर चिकित्सा विभाग की डॉ. अनीता सेजू तथा एलएस जीना संतोष द्वारा मार्गदर्शन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य नन्हे-मुन्ने बच्चों, किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने का हरसंभव प्रयास करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *