पाली, 13 अप्रैल 2026।माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे (परिवर्तनकारी मंगलवार) अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के तत्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गुरलाई में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के हेड पीएलवी मांगीलाल तंवर ने विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्य बताते हुए उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने वर्तमान सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही आईपीएल (पैरालीगल वॉलंटियर्स) द्वारा ऑनलाइन ठगी, फेक सोशल मीडिया अकाउंट, हैकिंग, फेक ईमेल तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से बताया गया।
विद्यालय में “कोर्ट वाली दीदी” नाम से एक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, जिसमें विद्यार्थी अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज कर सकते हैं।
इसी क्रम में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन संस्था से धन्नाराम ने बाल विवाह के दुष्परिणाम एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान “अधिकार और कर्तव्य” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य सरोज अग्रवाल ने शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं अनामांकित बच्चों के नामांकन पर जानकारी दी तथा सभी को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के कस्तूर चंद बालोटिया, घनश्याम, किशोर कुमार, नारायणलाल, विष्णु किजा, ललिता दवे, प्रत्यक्षा श्रीमाली, भीमसिंह, रामभगत खोखर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पाली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बताए अधिकार व कर्तव्य
