राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी बदलाव सामने आया है ।
प्रदेश सरकार ने छात्राओं के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना एवं देवनारायण स्कूटी योजना के अंतर्गत अब स्कूटी वितरण की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर सीधे छात्राओं के बैंक खातों में ₹ 70/- हजार की राशि हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है ।
यह फैसला केवल प्रशासनिक परिवर्तन नहीं, बल्कि नारी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और पारदर्शी शासन व्यवस्था की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है । 2024-25 में लगभग 26 हजार छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा, वहीं आगामी सत्र 2025-26 में भी 25 हजार से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित होंगी । लगभग ₹ 350/- करोड़ की राशि सीधे DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से छात्राओं के खातों में पहुंचेगी। भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, शिक्षा का अधिकार और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देता है । विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रतिबद्धता भी है । सरकार का यह निर्णय इस सोच को और मजबूत करता है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे । जब सहायता राशि बिना किसी बिचौलिये, देरी या प्रक्रियात्मक जटिलता के सीधे छात्राओं के खाते में पहुंचेगी, तब पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत होंगे । अब छात्राएं स्वयं तय करेंगी अपने सपनों की दिशा पहले स्कूटी वितरण में टेंडर, खरीद, परिवहन और भंडारण जैसी लंबी प्रक्रियाएं शामिल रहती थीं । कई बार छात्राओं को प्रतीक्षा करनी पड़ती थी । अब नई व्यवस्था में छात्रा स्वयं अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार निर्णय ले सकेगी ।
कोई छात्रा स्कूटी खरीदेगी, कोई उच्च शिक्षा की फीस जमा करेगी, कोई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में राशि उपयोग करेगी, तो कोई अपने भविष्य के लिए तकनीकी संसाधन खरीदेगी । यही वास्तविक सशक्तिकरण है निर्णय लेने का अधिकार।
बेटियों पर विश्वास का नाम है यह फैसला यह निर्णय केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों की क्षमता पर सरकार के विश्वास का प्रतीक है ।
आज की छात्राएं केवल परिवार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का भविष्य गढ़ रही हैं । गांवों, कस्बों और दूरदराज क्षेत्रों की बेटियां कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को आकार दे रही हैं । ऐसी प्रतिभाओं को सम्मान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना वास्तव में राष्ट्र निर्माण की दिशा में निवेश है ।”बेटियों को पंख देने से पहले,
उन पर विश्वास करना जरूरी है ।
जहां शिक्षा सम्मान बन जाए,
वहीं से नए भारत की शुरुआत होती है ।”
पारदर्शिता और सुशासन की नई मिसाल DBT व्यवस्था से न केवल भ्रष्टाचार और अनावश्यक खर्चों में कमी आएगी, बल्कि सरकारी तंत्र भी अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनेगा । डिजिटल इंडिया और सुशासन की अवधारणा को मजबूत करने वाला यह निर्णय भविष्य की योजनाओं के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है । आज आवश्यकता केवल योजनाएं बनाने की नहीं, बल्कि उन्हें सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की है । राजस्थान सरकार का यह कदम इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। जब किसी राज्य की बेटियां शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनती हैं, तब केवल उनका परिवार नहीं, पूरा समाज प्रगति करता है । स्कूटी की जगह सीधे आर्थिक सहायता देने का यह निर्णय बेटियों को विकल्प, सम्मान और स्वतंत्रता देने की सोच को दर्शाता है । उम्मीद है कि यह पहल हजारों छात्राओं के सपनों को नई उड़ान देगी और शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान एक नई मिसाल कायम करेगा ।
स्कूटी से स्वाभिमान तक , अब बेटियों के सपनों को मिलेगा सीधा आर्थिक संबल,,,
