पाली। डांगावास हत्याकांड में विशेष न्यायालय (एससी/एसटी), मेड़ता सिटी द्वारा सभी 40 अभियुक्तों को बरी किए जाने के निर्णय के विरुद्ध राजस्थान उच्च न्यायालय में तत्काल एवं समयबद्ध अपील दायर कराने की मांग को लेकर डॉ. आंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, राजस्थान की ओर से जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
सोसायटी के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवीरसिंह, सेवानिवृत्त आईपीएस, के आह्वान पर पाली जिलाध्यक्ष डॉ. एन. के. राजा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मामले की प्रभावी एवं मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
सोसायटी के प्रवक्ता प्रताप भटनागर ने बताया कि ज्ञापन में डांगावास हत्याकांड से प्रभावित पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ मृतकों के आश्रितों एवं गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विशेष राहत पैकेज देने की मांग की गई है। इसमें बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, आजीविका सहित अन्य आवश्यक सामाजिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।
पीड़ित परिवारों एवं मामले के प्रमुख गवाहों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में पुलिस स्तर पर तत्काल सुरक्षा ऑडिट करवाकर आवश्यकता के अनुसार प्रभावी पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि पीड़ितों और गवाहों को किसी प्रकार की धमकी, दबाव, भय या प्रताड़ना का सामना न करना पड़े।
जिलाध्यक्ष डॉ. एन. के. राजा ने कहा कि डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकार को पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने उच्च न्यायालय में समयबद्ध अपील, मजबूत पैरवी तथा पीड़ित परिवारों और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहनलाल पंवार, महेशचन्द्र सापेला, लक्ष्मण बेगड़, राजेश्वर पूनड़, डायाराम बोस, गणपत भदौरिया, ओमप्रकाश उदानिया, मांगीलाल सोनल, सोनाराम तंवर, दिनेश बामणिया, बाबूलाल, खीमाराम पारंगी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
