नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा में उत्साह, दावेदारी के लिए उमड़ा जनसमर्थन

पाली। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। पाली जिले की विभिन्न नगर निकायों में भाजपा से उम्मीदवारी के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में दावेदार अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। दावेदारों के साथ उमड़ी भीड़ से चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और पार्टी की जमीनी सक्रियता नजर आई।

मीडिया संयोजक प्रवीण गोलेच्छा ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्व दिवस आवेदन करने वाले दावेदार भी बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।

भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी, जिला प्रभारी राजेन्द्र जी बोराणा, घुमंतू समाज से महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नरेन्द्र जी पंवार तथा पाली नगर निगम प्रभारी ओमप्रकाश भड़ाना ने विभिन्न क्षेत्रों से आए दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की।

जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में उत्साह का माहौल है। भाजपा संगठन पूरी एकजुटता और मजबूत रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी ने बताया कि जिले की सभी नगर निकायों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। आवेदन प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की सक्रिय भागीदारी पार्टी के प्रति उनके उत्साह और विश्वास को दर्शाती है।

इस दौरान भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं चुनाव प्रबंधन से जुड़े कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे। भाजपा संगठन आगामी नगर निकाय चुनाव में पूरी मजबूती, समन्वय और एकजुटता के साथ मैदान में उतरने की तैयारियों में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *