पाली, 30 मार्च 2026।पाली के बांगड़ कॉलेज पाली में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर एल. एन. मंत्री को आयुक्त, कॉलेज शिक्षा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

यह विरोध प्रदर्शन NSUI जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जाखोड़ा तथा राजकीय बांगड़ महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व नव नियुक्त कार्यकारी जिला अध्यक्ष गणपत पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। कार्यकारी जिला अध्यक्ष गणपत पटेल ने आरोप लगाया कि कॉलेज में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य अपने ऊपर लगे आरोपों को दबाने के लिए एक विशेष संगठन का दुपट्टा पहनकर उसका खुला प्रचार कर रहे हैं, जिससे कॉलेज का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बन रही है।

वहीं, जिला अध्यक्ष राजेंद्र जाखोड़ा ने कहा कि इससे पहले भी जयपुर स्थित कॉलेज आयुक्त कार्यालय द्वारा प्राचार्य के खिलाफ विभागीय जांच करवाई जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए और दोषी पाए जाने पर प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। NSUI नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान शिशुपाल सिंह राजपुरोहित, राकेश संवास, असगर अली खत्री, ललित परिहार, अर्जुन सिसोदिया, हेमंत देवासी, ऋतिक सोनी, योगेश खोरवाल, राकेश देवासी, महेश वागोरिया, भरत सिंह, विकास राठौड़, सुब्हान संजरी, हिमांशु जलवाणिया, हर्ष, महेश मीणा, नरेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।
