सज्जनराज गुलेच्छा श्री संघ सभा, पाली के अध्यक्ष मनोनीत. 35 वर्षों से जैन समाज की विभिन्न संस्थाओं में दे रहे सेवाएं

पाली। समाजसेवी एवं धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय श्री सज्जनराज जी गुलेच्छा को पाली जैन समाज की प्रमुख संस्था श्री संघ सभा, पाली के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर समाज के विभिन्न वर्गों में हर्ष की लहर है। समाजजनों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

छगनलाल सालेचा , मंत्री

श्री गुलेच्छा पिछले 35 वर्षों से श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ की कार्यकारिणी से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने मंत्री एवं उपाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वे लंबे समय से श्री संघ सभा, पाली की कार्यकारिणी में भी सक्रिय रहे हैं तथा सचिव एवं उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

श्री संघ सभा के अध्यक्ष बनने पर गुरुदेव से आशीर्वाद लेते हुये

इसके अलावा श्री गुलेच्छा पिछले 30 वर्षों से मरुधर केसरी मित्र मंडल में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वहीं रूप रजत संस्थान सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े रहकर भी वे निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ श्री गुलेच्छा समाजसेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देते रहे हैं। समाज तथा संत-सतियों की सेवा में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। विभिन्न संस्थाओं में लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने के कारण उन्हें समाज की गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं सामाजिक सरोकारों की व्यापक समझ है।

श्री संघ सभा, पाली के अध्यक्ष पद पर उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर समाज में सकारात्मक उम्मीदें हैं। समाजजनों का मानना है कि उनके अनुभव एवं नेतृत्व में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा समाजहित से जुड़े कार्यों को नई दिशा प्राप्त होगी।

समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने, सेवा गतिविधियों को विस्तार देने तथा समाज के चहुंमुखी विकास की दिशा में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

श्री सज्जनराज गुलेच्छा के मनोनयन पर समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनके दीर्घकालीन सामाजिक एवं धार्मिक योगदान का सम्मान बताया और उनके सफल एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना की।

— विकास संचेती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *