एमएस कवाड़ स्कूल पाली बना जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का विजेता

राज पब्लिक स्कूल कोट बालियान को 1-0 से हराया, हर्ष बने बेस्ट प्लेयर

पाली/बारवा। ग्राम बारवा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 70वीं 17 वर्षीय जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर की 34 टीमों के 555 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एमएस कवाड़ स्कूल पाली और राज पब्लिक स्कूल कोट बालियान के बीच खेला गया। रोमांचक और कड़े मुकाबले में एमएस कवाड़ स्कूल पाली ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं मेजबान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बारवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।

पूरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एमएस कवाड़ स्कूल के खिलाड़ी हर्ष को बेस्ट प्लेयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि विक्रम सिंह राणावत मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशोर कुमार रावल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में छोगसिंह, संजू कंवर, प्रवीण सिंह, समरथमल, ओमप्रकाश वैष्णव, अशोक कुमार, किशोर सिंह, चंदन सिंह, मनरूप सिंह, मुकेश कुमार, जसवंत सिंह, कालूसिंह, नंदू सिंह तथा शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह जैतावत उपस्थित रहे।

आयोजन संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपाराम माली ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में निर्णायक मंडल के संयोजक राजेंद्र सिंह एवं दिनेश कुमार वैष्णव सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अतिथियों ने आयोजक विद्यालय के प्रबंधन, बारवा गांव के भामाशाहों और ग्रामवासियों की ओर से खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं और आतिथ्य सत्कार की सराहना की।

समापन समारोह के दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *