भारतीय बाल निकेतन की बालिकाओं ने जीता जिला स्तरीय कबड्डी खिताब

पाली। 70वीं जिला स्तरीय 11 वर्षीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय बाल निकेतन माध्यमिक विद्यालय, पाली की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय खिताब अपने नाम किया।

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुड़ा गुमान सिंह में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बाल निकेतन की टीम ने देसूरी की टीम को रोमांचक मुकाबले में 15-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में बालिकाओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रोहट की टीम को 22-1 के बड़े अंतर से हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

विजेता टीम के पाली पहुंचने पर विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने बालिकाओं का फूल मालाओं और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हजारी लाल यादव, जगदीश सीरवी भालेलाव, पूजा यादव, जयंती मेघवाल, कोच शिवानी, टीम मैनेजर दिनेश सहित अभिभावक अनवर हुसैन, रामचंद्र, गोविन्द, भोलू खान, भूपेन्द्र सिंह, पूरण सिंह, आमिर खान, रेखा एवं रुकसाना बानो सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने विजेता खिलाड़ियों को शानदार सफलता के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बालिकाओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे पाली जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *