पाली। संत शिरोमणि नवलाराम जी महाराज की 114वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को पाली शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। संत शिरोमणि नवलाराम महाराज सरगरा समाज सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में सरगरा समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
वर्ष 2017 से लगातार आयोजित हो रही इस शोभायात्रा का यह दसवां वर्ष है। समाज के महंत अर्जुनदास महाराज के नेतृत्व एवं संतों के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा रविवार सुबह लाखोटिया उद्यान से रवाना होगी। यहां से सूरजपोल, सोमनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरेगी। मार्ग में जगह-जगह समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं की ओर से पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा पुनः लाखोटिया उद्यान पहुंचेगी, जहां प्रसादी का आयोजन होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नवलाराम सेवा समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। पुण्यतिथि के इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।
