सब छोड़ जाए लेकिन मां सदैव साथ रहती है– जगद्गुरू वसंत विजयानंद गिरी महाराज,,,,
रविवार को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
पाली। कृष्णगिरी पीठाधीश्वर जगद्गुरू वसंत विजयानंद गिरी महाराज की पावन निश्रा में आयोजित आध्यात्मिक महामहोत्सव के माध्यम से समूचा पाली धर्ममय हो गया है। नौ दिवसीय दिव्य साधना, महालक्ष्मी समृद्धि यज्ञ और भैरव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। प्रतिदिन हजारों भक्त प्रसादी का भी आनंद ले रहे हैं।
शुक्रवार को जगद्गुरू देव वसंत विजयानंद गिरी महाराज ने कथा में मां पद्मावती की महिमा का वर्णन करते हुए एक महत्वपूर्ण प्रसंग बताया। गुरुदेव ने कहा कि एक व्यक्ति खुशहाल परिवार के साथ समृद्ध जीवन जी रहा था। समय चक्र अचानक घूमा और उस व्यक्ति का धन संपत्ति सब चला गया। दर दर भटकने की नौबत आ गई। घर संपत्ति इत्यादि सब एक एक कर बिक गए। दरिद्र स्थिति देख पत्नी और बच्चे भी अकेला छोड़ गए। पीड़ा के दौर में उस व्यक्ति ने कहा सब कुछ चला गया, परेशानी में साथ देने वाली पत्नी और परिवार भी छोड़ गया अब कहां जाऊं। वह भूखा प्यासा एक जगह बैठ गया, फिर उठ न सका। लेकिन वह मां पद्मावती का स्मरण करता रहता। अचानक एक दिन उसने सोचा कि कहते हैं जीवन का सबकुछ चला जाये, सब अपने भी छोड़ कर चले जाएं लेकिन मां कभी नहीं छोड़ती। उसने मां पद्मावती का स्मरण किया और पीड़ा से कराहते हुए कहा कि मां सब कुछ चला गया, परिवार भी मुझे छोड़ गया, अब तूने में मुझे बेसहारा छोड़ दिया? मां तुम सचमुच साथ होती तो जमीन पर मेरे दो पैरों के साथ तुम्हारे भी दो पैरों के निशान होते। तब मां के स्वर उसके कानों में पड़े। मां ने कहा बेटा मैंने तुझे कभी नहीं छोड़ा। मैं हमेशा तेरे साथ हूं। नीचे जमीन पर देख केवल जो दो पैरों के निशान दिखाई दे रहे हैं, यह तेरे नहीं मेरे पैरों के निशान हैं। क्योंकि तू तो कबसे अपने पैर गंवा चुका। तुम्हें तकलीफ न हो इसलिए मैं ही तुम्हें अपनी गोद में उठा कर चल रही हूं। यह सुन व्यक्ति स्तब्ध रह गया और मां पद्मावती की भक्ति में लीन हो गया। गुरूदेव ने बताया कि मां पद्मावती सबके कष्ट हर लेती है। वसंत विजयानंद गिरी महाराज द्वारा बनवाया गया चमत्कारिक भव्य और दिव्य मां पद्मावती का विशाल मंदिर तमिलनाडु के कृष्णगिरी में स्थित है। जो चमत्कारी है। देश विदेश से असंख्य श्रद्धालू यहां दर्शन करने आते हैं।
कथा में भगवान शिव, पार्वती और गंगा स्नान प्रसंग सुनाते हुए गुरुदेव श्री वसंत विजयानंद गिरी महाराज ने कहा कि भक्ति की गंगा में गहरी आस्था और विश्वास के साथ डुबकी लगाओ, जीवन सार्थक हो जाएगा।
*विधायक प्रमोद जैन भाया ने लिया जगद्गुरू देव का आशीर्वाद–*
राजस्थान के अंता के विधायक और पूर्व केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने जगद्गुरू वसंत विजयानंद गिरी महाराज का पुष्पहार और शॉल श्रीफल से अभिनंदन कर आशिर्वाद लिया। विभिन्न लगभग दस सामाजिक, धार्मिक संगठनों की ओर से प्रतिनिधियों ने जगद्गुरू देव का भावभीना अभिनंदन सत्कार कर आशीर्वाद लिया।
*रविवार को निकलेगी ऐतिहासिक कलश यात्रा–*
रविवार 1 फरवरी को जगद्गुरू वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज की निश्रा में कलश यात्रा निकाली जाएगी। सम्भवतः अब तक की यह सबसे भव्यतम कलश यात्रा होगी। कलशयात्रा प्रातः 11 बजे बालिया स्कूल के पास रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर, मेड़तिया स्वीट होम, महाराणा प्रताप चौक, सराफा बाजार, घी का झंडा, धानमंडी, रुई कटला, पुरानी सब्जी मंडी, सुराणा सराय, पुराना बस स्टैंड, रुचिता गैस होते हुए आयोजन स्थल अणुव्रत नगर ग्राउंड पहुंचेगी। वर घोड़े में बैंड, ढोल, कई रथ आदि शामिल होंगे।
