शिवपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1297 किलो डोडा पोस्त बरामद; वाहन जब्त

पाली। नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ ही पाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शिवपुरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 1297.230 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने डोडा पोस्त के परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड बड़ा दोस्त वाहन (GJ 13 AX 6402) को भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पाली ओमप्रकाश एवं वृत्ताधिकारी सोजत रतनराम देवासी के निकटतम सुपरविजन तथा शिवपुरा थाना अधिकारी दाऊद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नशे की तस्करी एवं अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर भागा वाहन

पुलिस टीम नशीले पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन की रोकथाम के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक अशोक लीलैंड बड़ा दोस्त वाहन संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को सरदारसमंद की ओर भगा ले गया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक वाहन को स्टेट हाईवे-61 से सरदारसमंद गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर छोड़कर खेतों एवं अंग्रेजी बबूल की झाड़ियों की ओर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में डाक पार्सल की आड़ में बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त छिपाकर रखा हुआ मिला।

वजन करने पर कुल 1297.230 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, गंतव्य, खरीद-फरोख्त तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम रही शामिल

इस कार्रवाई में शिवपुरा थाना पुलिस की टीम के दाऊद खान, किशनलाल, मोहनलाल, जोगेंद्र कुमार, समत राम, श्रवणसिंह, सुनील कुमार, संजीव कुमार, बाबूराम, विक्रम गुर्जर, ओमप्रकाश, श्यामलाल, अर्जुनराम एवं भैराराम सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण या परिवहन से संबंधित कोई सूचना मिलती है तो पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9251255006 पर तत्काल सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *