पाली, 1 अप्रैल 2026 राजस्थान प्रदेश कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में शुरू किए गए “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान की शुरुआत पाली जिले में सुमेरपुर से की गई। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसके तहत जिलेभर में करीब 12 हजार कार्यकर्ता व पदाधिकारी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।पाली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने बताया कि यह अभियान केवल विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा नगर निकाय और पंचायत चुनावों को बार-बार टालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी कर चुनावों में देरी कर रही है, जिससे ग्रामीण विकास प्रभावित हो रहा है। गांवों और निकायों में विकास कार्य ठप पड़े हैं, योजनाएं अटकी हुई हैं और गंदगी व अव्यवस्था का माहौल बन गया है।अभियान के तहत वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर 21 सदस्यीय कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही जनसंपर्क, बैठकें और जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।निम्बाडा ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और स्थानीय निकाय चुनाव जल्द कराने के लिए दबाव बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करें और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हों।इस अभियान को प्रदेश स्तर पर मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। जिले में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता ब्लॉक, मंडल और ग्राम स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने में जुटेंगे।
पाली में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान का आगाज, 12 हजार कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य
