पाली। जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पंजाब के संगरूर में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित 17वीं राष्ट्रीय पेसाँपालो खेल प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।
कोच जया पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि जूनियर मिक्स इवेंट में राजस्थान टीम ने शानदार खेल दिखाकर सिल्वर मेडल हासिल किया, वहीं सीनियर महिला वर्ग में टीम ने ब्रोंज मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।

पाली जिले के खिलाड़ियों में लड़कियों में शिवानी, नीलकमल, प्रतिक्षा तथा लड़कों में वीरेंद्र, आदित्य, प्रिंस और उमेश ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर पाली रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान माला पहनाकर, साफा बांधकर और ढोल-नगाड़ों के साथ खिलाड़ियों का जोरदार अभिनंदन किया गया। स्वागत करने वालों में संघ सदस्य हनीफ खत्री, राजेश तनवानी, श्रवण सिंह, संघ अध्यक्ष दिनेश कुमार सहित खिलाड़ियों के परिजन मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
