पाली। 25 साल के फैक्ट्री मजदूर ने किराए के कमरे में फंदा लगा कर सुसाइड कर लिया। बंद कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने उसके भाई को जानकारी दी। मौके पर पुलिस को बुलाया गया और दरवाजा तोड़ा तो अंदर युवक फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने मृतक की बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाई।
कोतवाल किशोर सिंह ने बताया- पाली शहर के मंडिया रोड राजीव कॉलोनी में एक बंद कमरे से बदबू आने की सूचना पर एएसआई जगदीश कुमार, कॉन्स्टेबल प्रेम कुमार मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़ा तो अंदर एक युवक फंदे पर मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदोली क्षेत्र हाल पाली के राजीव नगर निवासी 25 साल के मोनू पुत्र इंसान बाबू के रूप में हुई। मृतक पाली के मंडिया रोड औद्योगिक एरिए में फैक्ट्री में काम करता था।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक के भाइयों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि मृतक पिछले करीब 8 साल से पाली में मजदूरी कर रहा था। जो 10 दिन पहले ही गांव से वापस पाली आया था। सुसाइड के कारण का फिलहाल पता नहीं लग पाया है।