वुशु प्रतियोगिता में पाली के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन तीन खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक, आगामी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व

पाली। रानी बरकाना में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय स्कूली वुशु प्रतियोगिता-2026 में पाली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में अंशुमन प्रजापत, फिजा बानो और सलोनी ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीते।

तीनों खिलाड़ी अल्टीमेट कराटे फाइट क्लब एवं शौर्य खेल प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े हैं और कोच मोइनुद्दीन खान के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इससे पहले भी तीनों खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

अब तीनों खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में पाली का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की लगातार सफलता से उनके प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

प्रतियोगिता में पदक जीतकर पाली लौटने पर कॉम्बेट कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष साहिल डांगी एवं महासचिव मोइनुद्दीन खान ने खिलाड़ियों का माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कोच मोइनुद्दीन खान ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है कि वे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगातार पदक हासिल कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *