बांगड़ अस्पताल में प्रसुताओं को नि:शुल्क एम्बुलेंस सुविधा देने की मांग

पाली, 17 मई। शिव सेना शिंदे गुट के पाली जिला प्रमुख तख्तसिंह सोलंकी ने बांगड़ अस्पताल में प्रसुताओं को जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जे.एस.एस.के.) योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई है।
सोलंकी ने राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर कहा कि योजना के तहत डिलेवरी के बाद महिलाओं को नि:शुल्क घर तक छोड़ने का प्रावधान है, लेकिन बांगड़ अस्पताल प्रशासन की अनदेखी के कारण प्रसुताओं को यह सुविधा नहीं मिल रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस योजना के लिए बजट भी आवंटित किया जा रहा है, इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन द्वारा प्रसुताओं को परिवहन सुविधा देने में आनाकानी की जा रही है। इससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तख्तसिंह सोलंकी ने कहा कि यदि अस्पताल प्रशासन सही दिशा में कार्य करे तो अस्पताल परिसर में मौजूद करीब 25 से 30 निजी एम्बुलेंस को अधिकृत कर योजना का पूरा लाभ प्रसुताओं तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने चिकित्सा मंत्री से मांग की कि जे.एस.एस.के. योजना के तहत डिलेवरी के बाद छुट्टी मिलने पर प्रसुताओं को नि:शुल्क एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *