पाली। विश्व फोटोग्राफी दिवस-2026 के आयोजन को लेकर फोटोग्राफर्स के बीच आपसी मेल-जोल और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोजत तहसील फोटोग्राफी एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमावत सहित पदाधिकारियों एवं फोटोग्राफर साथियों का पाली पहुंचने पर पाली डिस्ट्रिक्ट फोटोग्राफर्स की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण पपसा, जितेंद्र मकवाणा, ललित मेवाड़ा, अशोक गहलोत, महेंद्र पी.एस. एवं सिद्धार्थ वैष्णव सहित फोटोग्राफर साथियों ने सोजत से पधारे अतिथियों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफर्स के बीच आपसी संवाद, अनुभव साझा करने तथा संगठनात्मक एकजुटता को लेकर चर्चा हुई। सभी ने फोटोग्राफर समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और एकता को मजबूत करने पर जोर दिया।
इस दौरान आगामी विश्व फोटोग्राफी दिवस-2026 के कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर भी चर्चा की गई तथा अधिक से अधिक फोटोग्राफर्स की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
