पाली, 27 जून। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटी पाली द्वारा शनिवार को बाड़सा रिसोर्ट में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोटा से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संवाद का बड़ी एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें शिक्षा, रोजगार, परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र मुंड ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। उन्होंने शिक्षा नीतियों में सुधार की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते बदलाव नहीं हुए तो युवा लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने छात्रों और युवाओं से “छात्रों की गूंज” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यह देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य की लड़ाई है।
पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, विधायक भीमराज भाटी तथा ब्यावर कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और राष्ट्रीय परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।
प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी, जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह जाखोड़ा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि देश का युवा केवल निष्पक्ष परीक्षा और अपनी मेहनत का सम्मान चाहता है तथा बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पाली में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा और परीक्षा सुधार पर उठी आवाज
