पाली। घांची समाज के 892वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार शाम पाली शहर में निवासरत घांची समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। समाज के बैनर तले भलावतों का बास, भैरूघाट से ढोल-थाली की मधुर लय के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो सोमनाथ मंदिर पहुंची।
मंदिर में समाजजनों ने भगवान शिव का विशेष शृंगार कर सामूहिक संध्या आरती की। समाज के लोगों ने बताया कि घांची समाज के संस्थापक महाराजा कुमार पाल सोलंकी द्वारा सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था। इसी स्मृति में प्रतिवर्ष घांची समाज स्थापना दिवस मनाया जाता है।

संध्या होते ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाजबंधु भलावतों का बास पहुंचे और वहां से सामूहिक रूप से सोमनाथ मंदिर जाकर अपने आराध्य देव भगवान सोमनाथ के चरणों में शीश नवाया। इस दौरान समाजजनों ने शहर में अच्छी वर्षा होने तथा व्यापार एवं रोजगार सुचारू रूप से चलने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्री क्षत्रिय घांची समाज महासभा खागड़ी के अध्यक्ष आनन्द सोलंकी सहित ओगड़ राम पंवार, माणक पंवार, भीमराज सोलंकी, भेरूलाल भाटी, बाबूलाल बोराणा, विनोद देवड़ा, प्रकाश पंवार, गोपाल देवड़ा, गिरीश भाटी, अनिल राठौर, भीमाराम ढाबर, सूरजमल राठौर, राजेश परमार, नकुल देवड़ा, सुरेश परिहार, योगेश सोलंकी, सुरेश आउवा तथा सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।
